32 वे ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेले मे “कबीर गायन” एवं ट्रांसजेंडर कलाकारों द्वारा नृत्य की हुई रंगारंग प्रस्तुतियाँ

jitendra.dhabarde@gmail.com / 9822241517 2026-04-09 15:19:34
img

दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “32 वें ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेला एवं लोकनृत्य समारोह” मे दिनांक 1 अप्रैल 2026 को “कबीर गायन” एवं “महाराष्ट्र के लोक नृत्य” की प्रस्तुतियाँ दी गई| साथ ही कच्छी घोड़ी (राजस्थान) कलाकार अपनी सुंदर प्रस्तुति से दर्शको व छोटे बालकों को खूब लुभा रहे है।

कार्यक्रम का प्रारंभ मध्य प्रदेश के प्रसिध्द गायक श्री मुकेश चौहान द्वारा “कबीर गायन” मे मालवी लोक शैली में कबीर गीतों की प्रस्तुति से हुआ| इन्होने अपनी प्रस्तुति की शुरवात “पीले अमीरसधारा गगन मे झड़ी लगी” की सुमधुर प्रस्तुति से किया| इसके पश्चात “मन लागों म्हारों यार फकीरी मे”, “कोई जानेगा जानन हारा, साधो गुरु बिन जग अंधियारा”, “कहां से आया, कहा जाओगे” इत्यादि की प्रस्तुति दी| इन्हे सह-गायन एवं व्हायोलिन पर श्री दिलीप चौहान, बागो पर श्री मनोज घोड़ावत, हार्मोनियम पर श्री गुरुचरण, मंजीरा श्री सोहन भाट व ढोलक पर श्री अंकित मालवी द्वारा संगत की गई| कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति डॉ. सानवी जेठवानी, सप्तरंग सेवाभावी संस्था, नांदेड़ द्वारा “महाराष्ट्र के लोक नृत्य” की दी गई| इसमे इन्होने गण, गवळण, मुजरा, लावणी, भारुड, पोवाडा, गोंधळ एवं बतावणी इत्यादि की प्रस्तुतियाँ दी| इस कार्यक्रम की प्रस्तुतियाँ कलाकार वैशाली काकडे (लावणी सम्राट), अवंतिका जायभाय, अनिता नांदेडकर, रुही पेटकर, गौरी कदम, शाहीर नानुभाव परीहार, गजानन काकडे, गायिका सीमा व शुभ्रा पाटील द्वारा दी गई| इस कार्यक्रम मे ट्रांसजेंडर, महिला एवं पुरुष कलाकारों द्वारा एक मंच पर आकर प्रस्तुतीकरण किया गया, और इस प्रकार इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में समानता, स्वीकृति और एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया| इस कार्यक्रम की संकल्पना एवं संयोजन प्रख्यात नृत्य कलाकार व सप्तरंग सेवाभावी संस्था की अध्यक्ष डॉ. सान्वी जेठवाणी द्वारा किया गया|

दिनांक 2 से 5 अप्रैल 2026 के दरम्यान शाम 6.30 बजे से लोक एवं आदिवासी नृत्य प्रस्तुति में सिध्दी धमाल (श्री अल्ताफ मकसूद सिध्दी, गुजरात), लाल आंगी गेर (श्री तग्गा राम, राजस्थान), माथुरी नृत्य (श्री नीरज कुमार, तेलंगाना), शंख वादन / रनप्पा (श्री त्रिलोचन साहू, ओड़ीसा), ढोलु कुनिथा (श्री परशुराम. पी. एस., कर्नाटक), छाऊ नृत्य (श्री कार्तिक कुमार, पश्चिम बंगाल) एवं बोरो नृत्य (श्री प्रांजित बसुमतारी, असम) की प्रस्तुतियाँ होगी| 32 वां ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेला 5 अप्रैल 2026 तक चलेगा। मेले में प्रवेश हेतु देणगी प्रवेश शुल्क 30/- रुपये प्रतिदिन प्रतिव्यक्ति रखा गया है। इसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 'क्राफ्ट मेला एवं फ़ूड झोन' तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शाम 6:30 बजे से होंगी। इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर दर्शक इस आयोजन का आनंद उठायें ऐसा आवाहन द.म.क्षे.सां. केंद्र, नागपुर की निदेशक श्रीमती आस्था कार्लेकर द्वारा किया गया है। मेले की पार्किंग की सुविधा देशपांडे सभागृह मे सशुल्क की गई है|

Related Post