Sun Apr 26 20:50:53 IST 2026
दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित 32 वें ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेला एवं लोकनृत्य समारोह मे दिनांक 31 मार्च 2026 को दिव्यांग बच्चों द्वारा दिव्यरंग दिव्यांगांचे एवं प्रसिध्द गायिका श्रीमती प्रियंका गहरवार द्वारा लोक संगीत एवं भजन की प्रस्तुतियाँ दी गई|
कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति आशादीप फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों द्वारा दिव्यरंग दिव्यांगांचे की दी गई| इसमे सौरभ, कोरस एवं नंदीनी द्वारा देवा श्री गणेशा पर नृत्य एवं मुक-बधिर विद्यालय द्वारा शिवगर्जना नाटीका की सुंदर प्रस्तुति दी गई| इसके पश्चात सौरभ, सुरेखा, ईश्वरी इत्यादि द्वारा हीच आमुची प्रार्थना, ईश्वरी द्वारा अखियोके झरोखो से, सुरेखा अजय द्वारा जय जय शिव शंकर, जिया द्वारा छु कर मेरे मन को, अगर तुम न हो तो, सौरभ बोरेकर द्वारा रीमिक्स रॅप इत्यादि गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियाँ दी| इन गीतों के साथ ही अर्चना कोवे द्वारा महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी की प्रस्तुति दी गई| इस कार्यक्रम का सूत्रसंचालन श्री अजय लिंगनवार द्वारा किया गया| कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति दिल्ली की प्रसिध्द गायिका श्रीमती प्रियंका गहरवार द्वारा लोक संगीत एवं भजन की दी गई| इन्होने अपने गायन की शुरवात गणेश वंदना से की| इसके पश्चात इन्होने राम आएंगे आएंगे राम आएंगे इस भक्तिमय भजन की प्रस्तुति दी| इन्होने बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोक गीत जिनमें शादी गीत, सोहर गीत, संस्कार गीत, विरह गीत, कबीर भजन इत्यादि की प्रस्तुतियाँ दी| इन प्रस्तुतियों मे विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं जैसे भोजपुरी, मैथिली, अवधी और हिंदी में भी इन्होने राम भजन प्रस्तुत किए। इन्हे तबले पर श्री मोरेश्वर दहशस्त्र, किबोर्ड पर श्री नचिकेत देव एवं गिटर पर श्री रितेश त्रिवेदी ने संगत दी।
दिनांक 1 अप्रैल 2026 को शाम 6.30 बजे कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति मध्य प्रदेश के प्रसिध्द गायक श्री मुकेश चौहान द्वारा कबीर गायन की प्रस्तुति दी जाएगी| इसके पश्चात डॉ. सानवी जेठवानी, सप्तरंग सेवाभावी संस्था, नांदेड़ द्वारा महाराष्ट्र के लोक नृत्य की प्रस्तुति ट्रांसजेंडर कलाकारो द्वारा दी जाएगी| दिनांक 2 से 5 अप्रैल 2026 के दरम्यान शाम 6.30 बजे से लोक एवं आदिवासी नृत्य प्रस्तुति में सिध्दी धमाल (गुजरात), लाल आंगी गेर (राजस्थान), माथुरी नृत्य (तेलंगाना), शंख वादन / रनप्पा (ओड़ीसा), ढोलु कुनिथा (कर्नाटक), छाऊ नृत्य (पश्चिम बंगाल) एवं बोरो नृत्य (असम) की प्रस्तुतियाँ होगी| 32 वां ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेला 5 अप्रैल 2026 तक चलेगा। मेले में प्रवेश हेतु देणगी प्रवेश शुल्क 30/- रुपये प्रतिदिन प्रतिव्यक्ति रखा गया है। इसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 'क्राफ्ट मेला एवं फ़ूड झोन' तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शाम 6:30 बजे से होंगी। इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर दर्शक इस आयोजन का आनंद उठायें ऐसा आवाहन द.म.क्षे.सां. केंद्र, नागपुर की निदेशक श्रीमती आस्था कार्लेकर द्वारा किया गया है। मेले की पार्किंग की सुविधा देशपांडे सभागृह मे सशुल्क की गई है|